प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को आंध्र प्रदेश का दौरा करेंगे। इस दौरान वह कुल 13,430 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे। पीएम मोदी का यह दौरा उद्योग, सड़क, रेलवे, पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस जैसे प्रमुख क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर विकास कार्यों को गति देने वाला माना जा रहा है।
श्रीशैलम में पूजा-अर्चना और दर्शन
प्रधानमंत्री मोदी आंध्र प्रदेश पहुंचते ही सुबह नंद्याल जिले के श्री भ्रामरांबा मल्लिकार्जुन स्वामी वरला देवस्थानम में पूजा-अर्चना और दर्शन करेंगे। इसके बाद वे कुरनूल जिले के विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।
प्रमुख सड़क और रेलवे परियोजनाओं का शिलान्यास
पीएम मोदी सब्बावरम से शीलानगर तक छह लेन का ग्रीनफील्ड राजमार्ग शुरू करेंगे, जिसकी लागत लगभग 960 करोड़ रुपये है। यह परियोजना विशाखापत्तनम बंदरगाह शहर में ट्रैफिक कम करने और व्यापार व रोजगार को बढ़ावा देने में मदद करेगी।
इसके अलावा पीएम मोदी पिलेरु-कलुर सड़क खंड का चार लेन विस्तार, कडप्पा-नेल्लोर सीमा से सी.एस. पुरम तक चौड़ीकरण और गुडिवाडा-नुजेला रेलवे स्टेशनों के बीच चार लेन रेल ओवर ब्रिज का उद्घाटन भी करेंगे। इन परियोजनाओं की कुल लागत 1,200 करोड़ रुपये से अधिक है।
ऊर्जा और उद्योग क्षेत्र की परियोजनाएं
प्रधानमंत्री मोदी गेल इंडिया लिमिटेड की श्रीकाकुलम-अंगुल प्राकृतिक गैस पाइपलाइन का उद्घाटन करेंगे, जो आंध्र प्रदेश में 124 किलोमीटर और ओडिशा में 298 किलोमीटर तक फैली है। इस परियोजना की लागत 1,730 करोड़ रुपये है।
साथ ही वह इंडियन ऑयल का 60,000 मीट्रिक टन प्रति वर्ष क्षमता वाला एलपीजी बॉटलिंग संयंत्र, चित्तूर का उद्घाटन करेंगे, जिसकी लागत लगभग 200 करोड़ रुपये है। पीएम मोदी कृष्णा जिले के निम्मलुरु में भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड की एडवांस्ड नाइट विजन प्रोडक्ट्स फैक्टरी का भी उद्घाटन करेंगे।
रोजगार और युवाओं के लिए अवसर
इन परियोजनाओं के माध्यम से लगभग 1 लाख युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे। पीएम मोदी कुरनूल में ‘सुपर जीएसटी सुपर सेविंग्स’ कार्यक्रम में भी शामिल होंगे, जहां वह जीएसटी में हुए बदलावों के लाभों को जनता के सामने प्रस्तुत करेंगे।
सुरक्षा और प्रशासनिक इंतजाम
प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। इस दौरे के दौरान सभी परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन बड़े औपचारिक कार्यक्रम के तहत किया जाएगा। मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने भी पीएम मोदी को इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है।


